चौक टीम, जयपुर। हरियाणा में सुबह से चल रही सियासी उठापटक के बीच से बड़ी खबर सामने आयी है। अब नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए सीएम होंगे। नायाब सिंह को बीजेपी विधायक दल की मीटिंग में विधायक दल का नेता चुना गया है। फिलहाल, उनके नाम का औपचारिक ऐलान होना बाकी है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उनके नाम पर विधायक दल की मीटिंग में सहमति बनी हैं।
नायब सैनी राजभवन जा रहे हैं
जानकारी के अनुसार, मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को करीब पौने 11 बजे सीएम के पद से इस्तीफा दिया और इसके बाद चंडीगढ़ में भाजपा में नए सीएम के नाम पर मंथन के लिए विधायक दल की मीटिंग शुरू हुई। इस दौरान कुरुक्षेत्र से मौजूदा सांसद और भाजपा अध्यक्ष नायब सिंह सैनी के नाम पर सहमति बनी। बता दें कि शाम चार बजे नायब सैनी मुख्यमंत्री के पद पर शपथ लेंगे। वहीं, नायब सैनी राजभवन जा रहे हैं और राज्यपाल से मुलाकात करेंगे।
सांसद और हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष हैं सैनी
नायब सिंह सैनी भाजपा के हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह ओबीसी समुदाय से आने वाले भाजपा के प्रमुख नेता हैं। साल 1996 में सैनी को राज्य में भाजपा संगठन की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद 2002 में उन्हें भाजयुमो का जिला महामंत्री बनाया गया। 2012 में सैनी को अंबाला भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद सैनी का प्रमोशन होता गया और वह 2014 में नारायणगढ़ से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। साल 2016 में सैनी को खट्टर सरकार में राज्य मंत्री भी बनाया गया था।
खट्टर के करीबी हैं नायब सैनी
हरियाणा सीएम की रेस में सबसे आगे चल रहे नायब सिंह सैनी को मनोहर लाल खट्टर का करीबी माना जाता है। साल 2019 में भाजपा ने उन्हें कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा और वह संसद पहुंचे। वह संसद के श्रम संबंधी स्थायी समिति के सदस्य भी हैं। सैनी को 2023 में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई। ज्यादातर कार्यक्रमों में खट्टर के साथ देखे जाते रहे हैं।