चौक टीम, जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बहन का निधन हो गया। गहलोत की बड़ी बहन विमला देवी का निधन हो गया। विमला देवी कुछ समय से बीमार चल रही थीं। आज बुधवार को जोधपुर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। बता दें रक्षाबंधन और भाई दूज पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राखी बंधवाने जोधपुर आते रहे हैं। इसके अलावा कोई भी चुनाव लड़ने से पहले वह अपनी बड़ी बहन का आशीर्वाद लेते थे।
दरअसल, सीएम गहलोत जोधपुर में बहन के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और उन्होंने अपने X हैंडल पर लिखा कि, ‘आज जोधपुर में मां जैसी बड़ी बहन श्रीमती विमला देवी कच्छवाहा की अंतिम यात्रा में शामिल हुआ। आपका स्नेह, स्मृतियां व संस्कार सदैव मेरे मन में रचे-बसे रहेंगे और आपकी यादें हमेशा मुझे प्रेरणा देती रहेंगी। अलविदा बाईजी।’
बहन विमला देवी को गहलोत मानते थे लकी
गहलोत अपनी बड़ी बहन को लकी चार्म मानते थे। इसलिए, जब भी उन्हें समय मिलता था, वह अपनी बहन से मिलने पहुंच जाते थे। पूर्व मुख्यमंत्री हर चुनाव से पहले अपनी बहन का आशीर्वाद जरूर लेते थे। इसलिए, हर बार चुनाव लडऩे से पहले वह उन्हें जीत का आशीर्वाद देती थीं। शगुन के तौर पर विमला देवी उन्हें एक लिफाफा भी देती थीं। माना जाता है कि यह लिफाफा गहलोत के लिए लकी साबित होता था। यही वजह है कि गहलोत अपनी बहन को लकी चार्म मानते थे। उन्होंने लाल साग स्थित नरसिंह विहार कॉलोनी में घर में अंतिम सांस ली।
बहन के निधन के बाद भावुक हुए गहलोत
उनके निधन पर गहलोत ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि बड़ी बहन विमला देवी का हमारे बीच से जाना मेरे लिए हमेशा के लिए एक रिक्त स्थान छोड़ गया है जिसे कभी भरा नहीं जा सकेगा। बाईजी मेरे लिए मां के समान थीं। उनकी कमी मेरे जीवन में हमेशा खलती रहेगी। अपने 93 वर्ष के जीवन में उन्होंने सभी को बेहद स्नेह और आशीर्वाद दिया। मेरी प्रार्थना है कि ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।
कई नेताओं ने जताया शोक
विमला देवी के निधन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवारजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं राज्य के चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर तथा कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने अपन शोक संवदेना जताई।
वसुंधरा राजे ने ये कहा
वहीं, विमला देवी के निधन पर बीजेपी की दिग्गज नेता और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी की बहन विमला देवी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति दें। ऊँ शांति!
इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी अशोक गहलोत की बहन के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ने भी एक्स पर लिखा, पूर्व मुख्यमंत्री सम्मानीय अशोक गहलोत जी की आदरणीया बड़ी बहन के देहावसान की सूचना पाकर दुख हुआ। भगवान बहन विमला देवी जी को बैकुंठ में स्थान प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं समस्त गहलोत परिवार के साथ हैं। उन्हें शोक से उबरने का संबल मिले। सादर श्रद्धांजलि।