चौक टीम, जयपुर। पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का आज (15 फरवरी) तीसरा दिन है। फसलों के लिए MSP की गारंटी समेत बाकी मांगें पूरी कराने के लिए वह हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। यहां हरियाणा पुलिस ने 7 लेयर की बैरिकेडिंग और आंसू गैस के गोले छोड़कर 3 दिन से किसानों को रोका हुआ है। वहीं, किसानों ने आज पंजाब के 6 जिलों में 12 बजे से 4 बजे तक रेल रोकने का ऐलान किया है।
किसानों और सरकार की बैठक आज
उधर, हरियाणा से लगती पंजाब की खनौरी और डबवाली बॉर्डर भी तीन दिन से बंद हैं। इसी बीच आंदोलन को खत्म करवाने के लिए आज फिर 3 केंद्रीय मंत्री चंडीगढ़ में किसान नेताओं से मीटिंग करेंगे। 7 दिनों में दोनों पक्षों के बीच ये तीसरी मीटिंग होगी। सरकार की किसानों के साथ चंडीगढ़ में ये बैठक आज शाम 5 बजे होगी। इस बातचीत में किसानों के विरोध प्रदर्शन और मुद्दों के समाधान पर चर्चा होगी।
बता दें इस मीटिंग में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, नित्यानंद राय और अर्जुन मुंडा मौजूद रहेंगे. तीसरे दौर की ये बातचीत काफी अहम मानी जा रही है। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच दो बैठकें बेनतीजा रही हैं।
पंजाब में रेल रोको अभियान
वहीं, पंजाब में आज किसान 4 घंटे का रेल रोको आंदोलन भी चला रहे हैं। पटियाला के राजपुरा में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन रोक दी। प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं और ट्रेन सेना को बाधित कर दिया। किसान यहां राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रेल की पटरियों पर बैठे हैं और ट्रेनों को रोक रखा है।
कांग्रेस ने किया किसानों के बंद का समर्थन
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि किसान संगठनों ने जो भारत बंद का ऐलान किया है हम उसका समर्थन कर रहे हैं। शुक्रवार को बिहार के सासाराम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी किसानों के साथ मुलाकात करेंगे। 3 मंत्रियों की नियुक्ति दिखावा है। किसानों पर ड्रोन से आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। सड़कों में कीलें लगा दी गई हैं, जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किसानों के खिलाफ किया जा रहा है ये निंदनीय है। किसान देश और समाज की रीढ़ की हड्डी हैं वे अन्नदाता हैं। ये सरकार चंदा दाताओं का सम्मान करती है अन्नदाता का नहीं।
आंदोलन के समर्थन में राजस्थान कांग्रेस का बंद
राजस्थान की राजधानी जयपुर में किसान आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को बंद का आह्वान किया गया है। राजस्थान कांग्रेस ने बंद को समर्थन का ऐलान किया है। पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने शांतिपूर्ण बंद को समर्थन का ऐलान किया है।
सुखजिंदर रंधावा का केंद्र पर निशाना
राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने कहा कि सरकार ने किसानों को रोकने के जो इंतजाम किए हैं, वो युद्धकाल में दुश्मन को रोकने जैसे हैं। दो साल पहले यही किसान आंदोलन हुआ था। यह अकेले पंजाब का आंदोलन नहीं है। यह देशभर के किसानों का आंदोलन है। तब केंद्र सरकार ने तीन काले कानून तो वापस लिए, लेकिन MSP पर गारंटी का कानून बनाने की बात का पालन नहीं किया। कोई कमेटी ही इसके लिए केंद्र सरकार ने नहीं बनाई।
टिकरी बॉर्डर सुरक्षा कड़ी हुई सुरक्षा
दिल्ली के टिकरी बॉर्डर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। किसान आंदोलन का आज तीसरा दिन है। बॉर्डर को पूरी तरीके से बंद कर दिया गया है। बुधवार के मुकाबले सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। सीमा सुरक्षा बल को भी तैनात किया गया है। सड़क पर सीमेंट की दीवार बना दी गई है।