अंकित तिवारी। जयपुर। उदयपुर के पूर्व राजपरिवार में छिड़ा विवाद अभी थमा नहीं है। संपत्ति विवाद कोर्ट में होने के बावजूद सड़क पर संघर्ष मेवाड़ की छवि को घूमिल कर रहा है। धूणी दर्शन की रस्म के लिए विश्वराज सिंह का इंतजार पूरा हो गया है।
विश्वराज सिंह मेवाड़ ने एकलिंगजी के दर्शन किए
विश्वराज सिंह मेवाड़ ने राजतिलक की रस्म के 48 घंटे बाद बुधवार को मेवाड़ के शासक देवता एकलिंगजी के दर्शन किए। इसके बाद हुई शोक भंग की रस्म में उन्हें रंगीन पगड़ी पहनाई गई। इसके बाद विश्वराज सिंह के निवास पर परिवार के शोक भंग की रस्म को निभाई गई। विश्वराज सिंह के समर्थकों का कहना है कि परंपरानुसार राजतिलक की रस्म के बाद उदयपुर सिटी पैलेस में धूणी स्थल दर्शन को लेकर सहमति बनने के बाद दर्शन किए।
उदयपुर में सिटी पैलेस के गेट आज भी बंद
उदयपुर में सिटी पैलेस के गेट आज भी बंद हैं। किसी भी विवाद से निपटने के लिए सिटी पैलेस के बाहर, समोर बाग के बाहर पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजाम है। सिटी पैलेस के आसपास तो धारा-163 (पहले 144) लागू है। विश्वराज सिंह मेवाड़ ने समर्थकों से कहा- प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि शाम तक धूणी दर्शन कराएंगे। इसको लेकर पुलिस और प्रशासन फिलहाल चुप्पी साधे हुए है। दोनों पक्षों में समझाइश के बाद दर्शन कर लिए गए है।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी
उदयपुर में स्थितियां बिगड़ने पर मंगलवार को इस पूरे विवाद पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। विश्वराज सिंह मेवाड़ और लक्ष्यराज सिंह ने एक-दूसरे को सोमवार को हुई हिंसक झड़प के जिम्मेदार बताया। दोनों ने ही सरकार व जिला प्रशासन पर भी आरोप लगाए। लक्ष्यराज ने कहा कि सरकार में बैठे एक व्यक्ति के इशारे पर पूरा विवाद हो रहा है।