चौक टीम, जयपुर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज रविवार (25 फरवरी) को राजस्थान के धोलपुर जिले में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा शाम करीब 5 बजे धौलपुर जिले में यूपी के आगरा जिले से प्रवेश करेगी। इसके बाद राहुल गांधी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 स्थित ग्राम बोथपुरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। बता दें जनसभा को लेकर कांग्रेस के नेताओं का धौलपुर पहुंचना शुरू हो गया है। राहुल गांधी की यात्रा का यहां ब्रेक होगा।
बताया जा रहा है राहुल गांधी धोलपुर में सभा करके दिल्ली लौट जाएंगे। फिर राहुल गांधी आगामी 2 मार्च को धौलपुर शहर में राजाखेड़ा बाईपास से पुन: अपनी यात्रा शुरू करेंगे जो मध्य प्रदेश की तरफ निकलेगी। न्याय यात्रा एमपी के मुरैना जिले में प्रवेश करेगी।
सभा में 25 से 30 हजार लोग जुटेंगे
उल्लेखनीय है कि राजस्थान प्रदेश के नेता राहुल गांधी की न्याय यात्रा में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने में लगे हैं। इसका अधिक दारोमदार करौली-धौलपुर लोकसभा सीट (सुरक्षित) से टिकट की दावेदारी ठोक रहे दावेदारों पर टिकी है। सभा धौलपुर जिले की राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में होगी। कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा बीते एक सप्ताह से जनसभा और न्याय यात्रा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। सभा के लिए 25 से 30 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है।
राजस्थान बॉर्डर पर बड़े नेता करेंगे स्वागत
राहुल गांधी जब राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेंगे तब राजस्थान के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के स्वागत में राजस्थान बॉर्डर पर मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित पार्टी के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। राजस्थान की सीमा में आने के करीब 4 किलोमीटर अंदर बोथपुरा के पास राहुल गांधी की सभा होनी है। स्थानीय विधायक रोहित बोहरा और प्रदेश पदाधिकारियों की ओर से राहुल गांधी की जनसभा की तैयारियां पूरी कर ली गई है।
धौलपुर में रहेगा 5 दिन का ब्रेक
रविवार शाम को धौलपुर जिले के मनियां में जनसभा को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी दिल्ली लौटेंगे। धौलपुर में यात्रा का पड़ाव यानी ठहराव रहेगा। पांच दिन बाद 2 मार्च को राहुल गांधी दिल्ली से वापस धौलपुर जाएंगे। फिर वहां से यात्रा की रवानगी होगी। 2 मार्च को धौलपुर के राजाखेड़ा बाईपास से यह न्याय यात्रा मध्यप्रदेश की ओर आगे बढ़ेगी और शाम को एमपी की सीमा में प्रवेश करेगी।
डोटासरा ने कहा- आतिथ्य के लिए कार्यकर्ता उत्सुक
वहीं राहुल गांधी के राजस्थान में प्रवेश से पहले पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने लिखा कि हर भारतीय को न्याय का हक़ दिलाने के लिए पूर्व से पश्चिम तक चल रही श्री राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के आतिथ्य के लिए राजस्थान की जनता एवं ऊर्जावान कार्यकर्ता उत्सुक हैं। लोकतंत्र की रक्षा एवं जनता को न्याय का अधिकार दिलाने के लिए राहुल गांधी जी अकल्पनीय संघर्ष कर रहे हैं। आइए हम सब मिलकर न्याय के महा संकल्प में राहुल जी का साथ दें और उनकी ताकत बनें।
राहुल से पहले सीएम भजनलाल की सभा
राहुल गांधी की यात्रा के धौलपुर जिले में पहुंचने से पहले सीएम भजनलाल शर्मा की धौलपुर में सभा होनी है। भजनलाल शर्मा शनिवार से आभार यात्रा पर निकले हुए हैं। शनिवार शाम को वे अचानक दिल्ली चले गए। रविवार को सुबह 11 बजे दिल्ली से सीधे धौलपुर के बाड़ी में पहुंचेंगे जहां उनकी जनसभा होगी।