चौक टीम, जयपुर। लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान की 25 सीटों पर एक सर्वे आया है। सर्वे के मुताबिक अगर आज चुनाव हो तो किस पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं इस बारे में बताया गया है। इस सर्वे के अनुसार, राजस्थान की जनता का मूड किस पार्टी की तरफ है, वो केंद्र में किस नेता को देखना चाहते हैं, इसके बारे में साफ हो गया है। जानकारी के अनुसार, अगर आज चुनाव करवाए जाएं, तो बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलता हुआ दिख रहा है। सर्वे में भारतीय जनता पर्टी, हनुमान बेनीवाल की पार्टी के बगैर ही अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराती हुई दिख रही है। यानी उसके पाले में राजस्थान की सभी 25 सीटें जाती दिखाई गई हैं।
25 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज कर सकती है- सर्वे
सर्वे के मुताबिक, राजस्थान लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज कर सकती है। वोट शेयर की बात करें तो भाजपा और कांग्रेस के वोट शेयर में करीब 23 पर्सेंट का अंतर रहने वाला है। सी वोटर के सर्वे के मुताबिक भाजपा 58.6 फीसदी वोट शेयर पर कब्जा कर सकती है। वहीं विधानसभा में सत्ता खो देने वाली कांग्रेस 35.4 फीसदी वोट मिलने की संभावना है।
इंडिया टुडे और सी-वोटर सर्वे के मुताबिक रामलहर पर सवार भाजपा राजस्थान में सभी सीटों पर एकतरफा जीत हासिल कर सकती है। भाजपा और कांग्रेस के वोट शेयर में करीब 23 पर्सेंट का अंतर रहने की संभावना जताई गई है।
साल 2019 में यह रहा था आंकड़ा
बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राजस्थान में 24 सीटों पर कब्जा किया था। वहीं एक सीट हनुमान बेनीवाल की पार्टी के खाते में गई थी। वहीं, माना जा रहा है कि इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सामने पहले से ज्यादा चुनौती होगी। हालांकि पार्टी की तरफ से इस बार पिछले चुनावी नतीजों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन का दावा किया जा रहा है। हालांकि बाद में वो किसानों के मुद्दे की बात करते हुए एनडीए गठबंधन से अलग हो गए।
इतनी बड़ी जीत की क्या वजह?
पिछले दो लोकसभा चुनावों में राजस्थान में कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर चुकी भाजपा लगातार तीसरी बार यहां बंपर जीत हासिल कर सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजस्थान में पीएम मोदी की लोकप्रियता अब भी कायम है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचने की वजह एक तरफ जहां लाभार्थी वर्ग तैयार हुआ है तो दूसरी तरफ इस बार भाजपा को ‘रामलहर’ का भी फायदा मिल सकता है। 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले भी अधिक वोट शेयर मिलने की संभावना के पीछे हाल ही में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को वजह माना जा रहा है।
मालूम हो कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मध्य प्रदेश में 163, राजस्थान में 115 और छत्तीसगढ़ में 54 सीटों पर कब्जा किया था। इनमें से दो राज्यों राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी। ऐसे में तीनों राज्यों में कमल खिलाने के बाद भाजपा ने तीन नए चेहरों को मुख्यमंत्री बनाया।