चौक टीम, जयपुर। संसद के बजट सत्र का आज यानी बुधवार से आगाज हो गया, जो 9 फरवरी तक चलेगा। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह आखिरी अंतरिम बजट है, जिसे कल यानी 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिबाषण के साथ ही संसद का अंतरिम बजट सत्र शुरू हो गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीता वर्ष भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। हमारी सरकार ने रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के अपने कमिटमेंट को लगातार जारी रखा है।
दरअसल, नए संसद में अपने पहले अभिभाषण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि नए संसद भवन में यह मेरा पहला संबोधन है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नए संसद भवन में पहला संबोधन देते हुए कहा कि यहां ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की महक है। दुनिया भर में गंभीर संकटों के बीच भारत सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था है और लगातार पिछली दो तिमाही में देश की विकास दर साढ़े प्रतिशत रही।
राष्ट्रपति ने कहा कि बीता साल भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने सांसदों को महिला आरक्षण कानून बनाने के लिए बधाई भी दी। उन्होंने एशियन गेम्स के इतिहास में सबसे अधिक मेडल, चंद्रयान-तीन की सफलता, राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा होने का जिक्र किया।
हंगामा करने वाले आत्मनिरीक्षण करें- PM मोदी
बता दें, इससे पहले पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित किया था और हंगामा करने वाले सांसदों को नसीहत दी थी। पीएम मोदी ने कहा, मैं आशा करता हूं कि गत 10 वर्ष में जिसको जो रास्ता सुझा उस प्रकार से संसद में सब ने अपना अपना कार्य किया। जिनको आदतन हुड़दंग करने का स्वभाव बन गया है। जो आदतन लोकतांत्रिक मूल्यों का चीरहरण करते हैं, ऐसे सभी सांसद आत्मनिरीक्षण करें कि 10 साल में उन्होंने जो किया, अपने संसदीय क्षेत्र में भी 100 लोगों से पूछ लें किसी को याद नहीं होगा। किसी को नाम भी पता नहीं होगा, लेकिन जिसने सदन में उत्तम विचारों से संसद को लाभान्वित किया होगा, उन्हें एक बहुत बड़ा वर्ग आज भी याद करता होगा, इसकी सराहना करते होंगे।
राष्ट्रपति के अभिभाषण की खास बातें-
बजट सत्र की शुरूआत में अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि अमृतकाल की शुरुआत में यह भवन बना है, यहां एक भारत, श्रेष्ठ भारत की महक भी है, मुझे पूरा विश्वास है कि इस नए भवन में नीतियों पर सार्थक संवाद होगा। ऐसी नीतियां जो आज़ादी के अमृत काल में विकसित भारत का निर्माण करेंगी।
राष्ट्रपति ने कहा कि पिछला वर्ष भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि वाला रहा है। ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ को सरकार ने लगातार जारी रखा है। नारी शक्ति अधिनियम पारित करने के लिए मैं सदस्यों का अभिवादन करती हूं, यह मेरी सरकार के महिला नीत विकास के संकल्प को मजबूत करता है।
राम मंदिर का किया जिक्र
राष्ट्रपति मुर्मु ने लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राम मंदिर के निर्माण की अकांक्षा सदियों से थी, आज यह सच हो चुकी है। मेरी सरकार परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ी को लेकर युवाओं की चिंताओं से अवगत है, इस दिशा में सख्ती लाने के लिए नया कानून बनाने का निर्णय लिया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि हम बचपन से ‘गरीबी हटाओ’ के नारे सुनते आ रहे हैं, जीवन में पहली बार बड़े स्तर पर गरीबी को दूर होते देख रहे हैं, मेरी सरकार के कार्यकाल में करीब 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं। बीते दशक में सरकार ने सुशासन और पारदर्शिता को हर व्यवस्था का आधार बनाया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि पहले जो बैंकिग व्यवस्था चरमरा रही थी, वह आज विश्व में सबसे मजबूत बैंकिंग प्रणालियों में से एक है; आज बैंकों का एनपीए चार प्रतिशत ही है। आज हर भारतीय स्वदेश निर्मित विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रांत को देखकर गौरवान्वित है।
डिजिटल इंडिया का किया जिक्र
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत में बिजनेस करना आसान हो इसके लिए मेरी सरकार काम कर रही है। इज ऑफ डूइंग आसान हो रहा है। मेरी सरकार का एक और बड़ा रिफॉर्म डिजिटल इंडिया का निर्माण है। डिजिटल इंडिया ने भारत में बिजनेस को आसान बना दिया गया है।
देश के चार स्तंभों का किया जिक्र
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आज देश के चार बेहद अहम स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि युवाशक्ति, नारीशक्ति, किसान और गरीब से ये देश खड़ा है। देश के हर समाज में इनकी स्थिति ऐसी ही है। इसलिए इन चार स्तंभों को ठीक करने के लिए हर स्तर पर काम कर रही है। 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को पक्का घर मिला है। 11 करोड़ ग्रामीणों को पाइप से पानी पहुंचा है। कोरोना काल से ही 80 करोड़ देशवासियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। अब इसे आने वाले 5 वर्षों के लिए आगे बढ़ाया गया है। इसपर 11 लाख करोड़ रुपये और खर्च होने का अनुमान है।
7 लाख तक की आय पर टैक्स नहीं
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि देश में 15 नवंबर से विकसित भारत संपर्क यात्रा चल रही है अभी तक इस यात्रा से करीब 19 करोड़ देशवासी जुड़ चुकी है। पिछले दो वर्षों में विश्व ने दो युद्ध देखे और कोरोना जैसी महामारी देखी। इसके बावजूद मेरी सरकार ने देश में महंगाई को काबू में रखा और सामान्य भारतीयों का बोझ नहीं बढ़ने दिया। 2014 से पहले के 10 वर्षों में औसत महंगाई दर 8 फीसदी से अधिक थी। पिछले दशकों में औसत महंगाई 5 प्रतिशत रही। मेरी सरकार का प्रयास रहा है कि सामान्य देशवासी की जेब में अधिक से अधिक बचत कैसे हो। पहले देशवासियों को 2 लाख रुपये की आय पर टैक्स लग जाता था। आज भारत में 7 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स नहीं लगता।
भाषण में किसानों का भी जिक्र
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि उनकी सरकार ने खेती में लागत कम हो और लाभ अधिक है। मेरी सरकार ने पहली बार 10 करोड़ से अधिक किसानों को देश की कृषि योजना में प्रमुखता दी है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अबतक 2 लाख 80 हजार करोड़ रुपये किसानों को मिल चुके हैं। दो सालों में किसानों के लिए बैंक से आसान लोन में तीन गुना वृद्धि की गई है। पिछले 10 लाख वर्षों में लगभग 18 लाख करोड़ रुपये एमएसपी के रूप में धान और गेहूं की खेती करने वाले किसानों को मिले हैं। किसानों को सस्ती खाद मिले इसके लिए 10 सालों में 11 लाख करोड़ रुपये से अधिक रुपये खर्च किए गए।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आज देश में शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव हो रहे हैं और इस वजह से मातृ मृत्यु दर में भारी गिरावट आयी है, साथ ही उज्ज्वला योजना का लाभ लेने वाले गरीब परिवारों में बीमारी की घटनाओं में कमी आयी है। उन्होंने आगे कहा कि कर के एक बड़े हिस्से का उपयोग युवाओं, महिलाओं, किसानों एवं गरीबों को सशक्त बनाने के लिए किया जा रहा है।
आज मेड इन इंडिया एक ग्लोबल ब्रांड बन चुका
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार, zero effect zero defect पर बल दे रही है। मेरी सरकार, भारत की युवा शक्ति की शिक्षा और कौशल विकास के लिए निरंतर नए कदम उठा रही है। मेरी सरकार ने बीते 10 वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया है। मेरी सरकार ने वैश्विक विवादों और संघर्षों के इस दौर में भी, भारत के हितों को मजबूती से दुनिया के सामने रखा है। आज मेड इन इंडिया एक ग्लोबल ब्रांड बन चुका है।