शरद पुरोहित,जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जन्मदिन आज, 15 दिसंबर, को पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उनके जन्मदिन पर राजस्थान में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और दीया कुमारी ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें बधाई दी है।
डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने दी शुभकामनाएं
डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को “विकसित राजस्थान के निर्माता” कहकर उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में राजस्थान ने पिछले एक वर्ष में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने सीएम की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

डिप्टी सीएम दीया कुमारी का संदेश
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की प्रार्थना करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए लिखा कि उनके नेतृत्व में राजस्थान ने कई नई ऊंचाइयों को छुआ है।

गिरिराज जी के दर्शन और परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने जन्मदिन पर डीग में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वे पूछरी का लौठा मंदिर में दर्शन करेंगे और गोवर्धन परिक्रमा विकास परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, वे मुकुट मुखारविंद और श्रीनाथजी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
प्रदेश में रक्तदान शिविर और गौसेवा
मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा ने राजस्थान की हर विधानसभा क्षेत्र में रक्तदान शिविर लगाने और गौशालाओं में गायों को गुड़-चारा खिलाने का आयोजन किया है। ये कार्यक्रम उनके सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण को प्रदर्शित करते हैं।
सीएम के राजनीतिक सफर की झलक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जन्म 15 दिसंबर 1966 को नदबई के अटारी गांव में हुआ था। उन्होंने 15 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इससे पहले वे भाजपा के प्रदेश महामंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।