चौक टीम, जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इन दिनों ईआरसीपी को लेकर पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों में आभार सभा कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज सीएम भजनलाल शर्मा ने धौलपुर में आभार सभा की। रविवार को जिले के दौरे पर पहुंचे भजनलाल शर्मा ने सैंपऊ कस्बे के साथ धौलपुर जिला मुख्यालय पर ईआरसीपी धन्यवाद सभा को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
‘लूट और झूठ की सरकार ने ERCP को अटकाया’
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धौलपुर के बाड़ी में ERCP पर आभार सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लूट और झूठ की सरकार ने नदियों को जोड़ने की योजना पर काम नहीं होने दिया। नरेंद्र मोदी कि सरकार आते ही गांव और गरीब का स्वरूप बदलने लगा है। वहीं केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर ईआरसीपी योजना को अटकाने और भटकाने के आरोप लगाए। उन्होंने कांग्रेसियों की आंखों में पानी नहीं बचा होने की बात कहकर चुटकी ली।
किसानों की कर्जमाफी को लेकर साधा निशाना
धौलपुर में कांग्रेस पर बरसते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि समस्याओं का समाधान होता चला गया। एक राजनीतिक दल जनता के बीच जाकर काम करता है। एक राजनीतिक दल केवल वोट की राजनीति करता है’ कांग्रेस वही पार्टी है जो केवल वोट की राजनीति करती है। राहुल गांधी ने ही कहा था कि 1 से 10 तक गिनती गिनूंगा और किसानों का कर्ज माफ करवा दूंगा। मैं राजस्थान की जनता को बधाई देता हूं कि उन्होंने विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने का भी काम किया है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने बिजली में 90 हजार करोड़ का घाटा छोड़ा। 40 प्रतिशत तक कोयला महंगा खरीदा और बड़े घोटाले को अंजाम दिया। हमने छत्तीसगढ़ सरकार की आवश्यकता है तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बताएं हम क्या कर सकते हैं? एक दिन में फाइल पर सहमति बन गई और कोयले की राह आसान हो गई।
कांग्रेस के परिवारवाद को लेकर ये कहा?
वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बाड़ी में विशाल ईआरसीपी धन्यवाद सभा को संबोधित कर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा जुबानी हमला बोला है। सोनिया गांधी को राहुल गांधी एवं अशोक गहलोत को वैभव गहलोत की चिंता होने की बात कही है। कांग्रेस को परिवारवादी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का खुले मंच से जमकर बखान किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधन में कहा सोनिया गांधी और अशोक गहलोत को अपने बेटों की चिंता सता रही है। सोनिया गांधी बेटे राहुल की चिंता कर रही हैं और अशोक गहलोत राज्य में बेटे बैभव की चिंता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस में परिवारवाद हावी है। यह परिवारवाद कांग्रेस को खाकर रहेगा।
उन्होंने कहा कांग्रेस एक परिवार की चिंता करती है, जबकि भाजपा पूरे देश की चिंता करती है। उन्होंने कहा भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता बूथ से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक जनता के बीच में रहकर काम करता है। भाजपा के कार्यकर्ता और नेता जनता की फिक्र करते हैं इसीलिए लोग प्यार करते हैं। भजनलाल शर्मा ने कहा जनता से किए गए एक-एक बातें को पूरा किया जाएगा।
प्रदेश के 21 जिले लाभान्वित होंगे- शेखावत
वहीं, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी आभार सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा ईआरसीपी योजना लागू होने से राजस्थान प्रदेश के 21 जिले लाभान्वित होंगे। पूर्वी राजस्थान में खेती एवं पीने के लिए पानी की कमी नहीं रहेगी। नदियों को जोड़कर योजना को अमली जामा पहनाया जाएगा। इसके अलावा पड़ोसी राज्य भी मध्य प्रदेश भी इस योजना से लाभान्वित होगा। मुरैना से लेकर उज्जैन तक किसान खेती की सिंचाई के साथ पीने का पानी सुगमता से प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, सांसद सीपी जोशी, डॉ. मनोज राजोरिया एवं विधायक जसवंत सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।