चौक टीम, जयपुर। लोकसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन करने के लिए भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरुआत शनिवार को दिल्ली के भारत मंडपम में हुई। भारत मंडपम् में हो रहे इस आयोजन में 11000 से अधिक पार्टी नेता-कार्यकर्ता पहुंचे हैं। बैठक की शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संबोधन के साथ होगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन रविवार को होगा। इस अधिवेशन में शामलि होने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी ले रहे हैं भाग
दरअसल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली दौरे पर है और इस दौरान कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही भाजपा के प्रगति मैदान भारत मंडपम में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में भी शामिल होंगे। इस अधिवेशन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर देश भर से पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत का चुनावी मंत्र देंगे।
वहीं, इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज कई केन्द्रीय नेताओं और मंत्रियों से मुलाकात भी की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, निर्मला सीतारमन, मनसुख मांडविया, धर्मेंद्र प्रधान, अनुराग ठाकुर से भी मुलाक़ात की है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने आज सुबह का नाश्ता केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी के घर किया। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के कई नेता भी साथ थे। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में कई प्रकार की चर्चा होने लगी है।
भाजपा का मिशन-400 लक्ष्य पर मंथन
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के ठीक पहले होने जा रहे भाजपा के इस राष्ट्रीय अधिवेशन में मोदी सरकार की 10 वर्ष की उपलब्धियों के साथ ही अयोध्या स्थित राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का मुद्दा छाया रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में अकेले भाजपा के लिए 370 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। इसे हासिल करने में मोदी सरकार की 10 वर्ष की उपलब्धियां और खासकर गरीब कल्याण योजनाओं की अहम भूमिका होगी। 11 हजार से अधिक प्रतिनिधियों को इन उपलब्धियों को बूथ स्तर तक ले जाने के मंत्र दिए जा सकते हैं।