चौक टीम, जयपुर। लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा की टीम में बदलाव हुआ है। सीपी जोशी ने अपनी नई टीम में 10 प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए है। इस नई टीम में कुछ बदलाव किए गए तो कुछ नए चेहरों को शामिल कर कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। नई टीम के विस्तार में 10 उपाध्यक्ष, 5 महामंत्री, 13 प्रदेश मंत्री, एक कोषाध्यक्ष और एक सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ऐसी मोर्चा ने भी अपनी नई टीम की घोषणा कर दी है। नई टीम की खास बात ये है कि इसमें वसुंधरा राजे समर्थकों को जगह नहीं मिली है। उल्लेखनीय है कि यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी वसुंधरा राजे समर्थकों को भजनलाल मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली थी। वसुंधरा राजे सीएम रेस से बाहर होने के बाद से ही खामोश है। सियासी जानकारों का कहना है कि वसुंधरा राजे समर्थकों को जिस तरह से अनदेखी की जा रही है। उससे साफ जाहिर है कि राजस्थान बीजेपी में सबकुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है।
इन्हें मिली अहम जिम्मेदारी
प्रदेश की नई कार्यकारिणी में तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें पिछली कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे श्रवण सिंह बगड़ी, संतोष अहलावत और विधायक जितेंद्र गोठवाल को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। बीजेपी में काम के लिहाज से महामंत्री का पद महत्वपूर्ण होता है। वहीं कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुई ज्योति मिर्धा को पार्टी में उपाध्यक्ष बनाया गया हैं। इसके साथ ही नए चेहरे के तौर पर पाली के नाहर सिंह जोधा को भी पार्टी में उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं गुर्जर समाज से ओमप्रकाश भड़ाना को भी पार्टी ने महामंत्री बनाया है।
प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने जारी किये निर्देश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के निर्देश पर निकाली गई सूची में 10 उपाध्यक्ष बनाए गए है। जिसमें नारायण पंचारिया, बालक नाथ, चुन्नीलाल गरासिया, मुकेश दाधीच, सरदार अजय पाल सिंह, प्रभु लाल सैनी, सीआर चौधरी, मोतीलाल मीणा, ज्योति मिर्धा, नाहर सिंह जोधा का नाम शामिल हैं। प्रदेश महामंत्री में दामोदर अग्रवाल, जितेंद्र गोठवाल, श्रवण सिंह बागड़ी, संतोष अहलावत, ओम प्रकाश हाना को बनाया गया है। जबकि विजेंद्र पूनिया, वासुदेव चावला, पिंकेश पोरवाल, भूपेंद्र सैनी, महेंद्र भड़ाना कुमावत, अनंत राम बिश्नोई, सांवर राम देवासी, अनुसूया गोस्वामी, अजीत मांडण, स्टेफी चौहान, मिथिलेश गौतम, अदन सिंह भाटी, अनीता कटारा को बनाया है. वहीं, प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता और सह कोषाध्यक्ष अनिल सिसोदिया को बनाया गया है।
कार्यकारिणी से इन्हे दिखाया गया बाहर का रास्ता
नई कार्यकारिणी से 10 नेताओं को बाहर भी किया गया हैं। इनमें पार्टी में सालों से प्रदेश महामंत्री का पद संभाल रहे भजनलाल शर्मा और उपाध्यक्ष दिया कुमारी को मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री बनने पर संगठन से बाहर किया गया हैं। वहीं पिछली कार्यकारिणी में मंत्री रहे हीरालाल नागर को भजनलाल कैबिनेट में मंत्री बनने पर नई कार्यकारिणी में जगह नहीं दी गई। इसके साथ ही उपाध्यक्ष रहे टोंक-सवाईमाधोपुर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया को भी नई कार्यकारिणी में जगह नहीं दी गई हैं। वहीं जगवीर छाबा, प्रियंका मेघवाल, भानुप्रताप सिंह, नीलम गुर्जर, कृष्णा कटारा और श्याम अग्रवाल को नई कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया।